छत्तीसगढ़ में बुधवार को कैबिनेट बैठक आयोजित हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई इस कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। बैठक के दौरान किसानों और अग्निवीरों से जुड़े दो अहम फैसले भी लिए गए।
किसानों के लिए कैबिनेट का फैसला
पहला फैसले किसानों को लेकर हुआ जिसमें कैबिनेट ने प्रदेश में उर्वरकों की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित हो सके इसके लिए एक मंत्रिमंडलीय उप समिति के गठन को मंजूरी दी। कैबिनेट के इस फैसले के मुताबिक, खरीफ और रबी मौसम में किसानों को उर्वरकों की सुचारू उपलब्धता हो। इसकी निगरानी का जिम्मा मंत्रिमंडलीय उप समिति को दिया जाएगा। यह उप समिति उर्वरकों की उपलब्धता से जुड़े विषयों पर सुझाव, अनुशंसा और मार्गदर्शन प्रदान करेगी।
अग्निवीर सैनिकों के लिए अहम फैसला
वहीं, कैबिनेट बैठक में अग्निवीर सैनिकों के रोजगार की दिशा में भी अहम फैसला लिया है। राज्य की तृतीय श्रेणी की सीधी भर्ती में अग्निवीर सैनिकों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। छत्तीसगढ़ के अग्निवीर सैनिकों के लिए राज्य की सिविल सेवाओं में तृतीय श्रेणी के पदों में रिक्तियों का आरक्षण नियम-2026 को मंजूरी दी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इस आरक्षण का लाभ उन अग्निवीर सैनिकों को मिलेगा, जिन्होंने भारतीय सशस्त्र बलों में चार साल की सेवा पूरी करने के बाद वैध सेवा प्रमाण-पत्र के साथ सेवामुक्ति प्राप्त की हो। राज्य सरकार का मानना है कि, इस फैसले से अग्निवीरों को राज्य की सेवाओं में रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।












