हाई रिस्क गर्भवतियों के लिए राजस्थान सरकार की पहल, सरकारी अस्पतालों में शुरू होगी ‘प्रसव सखी’ व्यवस्था

राजस्थान की भजनलाल सरकार हाई रिस्क गर्भवतियों के लिए बड़ी पहल करने जा रही है।

राजस्थान की भजनलाल सरकार हाई रिस्क गर्भवतियों के लिए बड़ी पहल करने जा रही है। राज्य सरकार सरकारी अस्पतालों में ‘प्रसव सखी’ व्यवस्था शुरू करने जा रही है। इस व्यवस्था से हाई रिस्क वाली गर्भवती महिलाओं को बेहतर सुविधाएं और समय पर उपचार होगा।

विभाग ने किए दिशा-निर्देश जारी
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसे लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिसके अनुसार यह व्यवस्था मेडिकल कॉलेज संबद्ध अस्पतालों, जिला चिकित्सालयों और अधिक प्रसव भार वाले प्रथम रेफरल इकाइयों में चरणबद्ध रूप से लागू की जाएंगी।

 हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को सुविधा
बता दें की इस नई व्यवस्था के तहत पिंक एप्रिन में तैनात प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मी, एएनएम और अन्य चयनित महिला स्वास्थ्यकर्मी ‘प्रसव सखी’ के रूप में कार्य करेंगी। वे अस्पताल पहुंचने वाली हाई रिस्क गर्भवती महिला के साथ भर्ती से लेकर प्रसव, प्रसवोत्तर देखभाल और डिस्चार्ज तक हर चरण में सहयोग करेंगी।

समय पर उपचार होगा उपलब्ध
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने बताया कि प्रत्येक चिन्हित अस्पताल में 24 घंटे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे, जो गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों के लिए प्रथम संपर्क केंद्र होंगे। हाई रिस्क गर्भवतियों को उपचार में प्राथमिकता दी जाएगी। यह पहल हाई रिस्क गर्भवतियों की सतत निगरानी के लिए है। हाई रिस्क गर्भवतियों को  समय पर उपचार उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही गर्भवती महिलाओं को सरकारी अस्पतालों में ज्यादा सम्मानजनक, सहज और गुणवत्तापूर्ण मातृत्व सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़