तमिलनाडु सरकार का बड़ा तोहफा, 13 सरकारी नर्सिंग संस्थानों में बढ़ेंगी 855 नई सीटें

राज्य में नर्सिंग शिक्षा का दायरा बढ़ाने के लिए तमिलनाडु सरकार ने बड़ा फैसला लिया है।

तमिलनाडु सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए बड़ा कदम उठाया है। राज्य में नर्सिंग शिक्षा का दायरा बढ़ाने के लिए तमिलनाडु सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने सरकारी नर्सिंग संस्थानों में सीटों की संख्या बढ़ाकर 1,651 करने का अहम फैसला लिया है। बता दें कि पहले ये सीटें 796 थी। इसके तहत स्नातक यूजी और स्नातकोत्तर पीजी पाठ्यक्रमों में कुल 855 नई सीटें जोड़ी जाएंगी।

आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को राहत
राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती के लिए प्रशिक्षित नर्सिंग पेशेवरों की उपलब्धता बढ़ाना हैं। ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए किफायती नर्सिंग शिक्षा सुनिश्चित हो सके। सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस और बीडीएस सीटों के साथ-साथ एलाइड हेल्थ एजुकेशन को भी मजबूत किया जा रहा है। यह विस्तार भी सरकार की उसी योजना का हिस्सा है।

प्रस्ताव को दी गई मंजूरी
इस प्रस्ताव को चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान निदेशालय ने मंजूरी दे दी है। प्रस्ताव के अनुसार, 13 सरकारी संस्थानों में 660 बीएससी नर्सिंग, 120 पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और 75 एमएससी नर्सिंग की नई सीटें जोड़ी जाएंगी। बीएससी नर्सिंग की कुल सीटें 510 से बढ़कर 1,170 हो जाएंगी। इनमें अधिकांश नई सीटें सरकारी मेडिकल कॉलेज परिसरों में बन रहे छह नए मॉडल कॉलेज ऑफ नर्सिंग में उपलब्ध कराई जाएंगी।

उच्च नर्सिंग शिक्षा का विस्तार
सरकार उच्च नर्सिंग शिक्षा का विस्तार करने के लिए भी मजबूत कदम उठा रही है। अधिकारियों का मानना है कि  इस फैसले से उन छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा, जो निजी नर्सिंग कॉलेजों की ऊंची फीस भरने में असमर्थ रहते हैं। सरकार का मानना है कि सीटों में यह बढ़ोतरी भविष्य में प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मियों की बढ़ती मांग को पूरा करने में भी मददगार साबित होगी।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़