बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में जमकर गरजे सीएम योगी, कहा- पहले विपक्ष ने किसानों को भड़काया था, अब छात्रों को भड़का रहे

बूथ अध्यक्षों में जोश भरने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में शिरकत की। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य बूथ कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने है जिसमें जीत हासिल करने की रणनीति पर बीजेपी ने काम करना शुरू कर दिया है। यह सम्मेलन भी उसी रणनीति का हिस्सा रहा। सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने न सिर्फ बूथ कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया साथ ही उन्हें चुनावों में सफलता हासिल करने के गुर भी सिखाए।

बूथ अध्यक्षों को सजग रहने की सलाह
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बूथ अध्यक्षों के इस सम्मेलन में सभी बूथ अध्यक्षों को आगामी चुनाव में कांग्रेस और सपा की शरारती साजिशों और नकारात्मक नैरेटिव से सजग रहने का आह्वान किया। सीएम योगी ने संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की शरारत का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए सभी बूथ अध्यक्ष कमर कसकर तैयार रहें।

विपक्ष पर साधा निशाना
बूथ अध्यक्षों में जोश भरने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 के पहले सपा सरकार में प्रदेश में नौकरी या सरकार की योजनाएं, सब पर ‘सैफई सिंडिकेट’ का कब्जा रहता था। हर जगह इसी सिंडिकेट की मनमानी चलती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले विपक्ष ने किसानों को भड़काया था, अब विपक्ष छात्रों को भड़काने का काम कर रहा है।

जो बूथ जीतेगा, वही चुनाव भी जीतेगा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बूथ को सबसे महत्वपूर्ण सांगठनिक इकाई बताया। मुख्यमंत्री ने कहा की असली चुनावी लड़ाई बूथ पर लड़ी जाती है। इसीलिए पीएम मोदी नारा देते हैं, मेरा बूथ, सबसे मजबूत। यह नारा इस बात के लिए प्रेरित करता है कि जो बूथ जीतेगा, वही चुनाव भी जीतेगा। इसलिए जिसने बूथ जीत लिया समझो उसने चुनाव जीत लिया।

9 लाख युवाओं को दी सरकारी नौकरी
सीएम योगी ने कहा की पूर्व की सरकारों के राज में युवाओं को रोजगार नहीं मिल पता था। पूर्व की सरकारें जातिवाद की राजनीति करती थी। लेकिन हमारी सरकार ने संपूर्ण पारदर्शिता के साथ 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़