सावन के पवित्र महीने में अब काँवड़ यात्रा शुरू होने जा रही है। भगवान शिव की भक्ति में सराबोर होकर काँवड़िए हरिद्वार और अन्य पवित्र स्थलों से गंगाजल लेकर दिल्ली पहुंचेंगे। जिनका स्वागत करने के लिए दिल्ली सरकार ने पूरी तैयारी कर ली है। इसे लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में कांवड़ यात्रा को सुगम, सुरक्षित, व्यवस्थित और भक्तिभाव से परिपूर्ण बनाने के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों को निर्देश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का संकल्प है कि राजधानी में आने वाला प्रत्येक शिवभक्त की सुरक्षा और सम्मान हमारी भी जिम्मेदारी है। सीएम रेखा गुप्ता ने अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए और कहा कि कांवड़ यात्रा की तैयारियों में सेवा भाव को केंद्र में रखते हुए आपसी समन्वय के साथ काम किया जाए।
व्यवस्थाओं को किया गया मजबूत
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने काँवड़ियों के लिए दिल्ली सरकार की तैयारियां बताते हुए कहा कि दिल्ली के विभिन्न प्रमुख मार्गों और प्रवेश स्थलों पर स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। जहां कांवड़ियों का स्वागत किया जाएगा। पुष्पवर्षा के साथ काँवड़ियों के स्वागत करने की भी व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता स्वयं भी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर शिवभक्त कांवड़ियों का स्वागत करेंगी। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के भक्तों के प्रति दिल्लीवासियों की श्रद्धा और सेवा भावना सदैव अद्भुत रही है। इस बार भी सरकार और आम जनता मिलकर कांवड़ यात्रा को श्रद्धा, सेवा और आतिथ्य का यादगार पर्व बनाएगी।
काँवड़ियों की सुविधाओं पर खास ध्यान
काँवड़ियों के लिए शिविरों की व्यवस्था की जाएगी। साफ-सफाई का खास ध्यान रखा जाएगा। बैठक में कांवड़ मार्गों पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की भी गहन समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि प्रमुख प्रवेश मार्गों पर यातायात प्रबंधन ऐसा हो कि कांवड़ियों की धार्मिक यात्रा भी सुचारु रूप से चलती रहे और आम नागरिकों को भी असुविधा न हो।












