पश्चिमी दिल्ली में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण परियोजना शुरू, घरों से दिन में दो बार उठाया जाएगा कचरा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पश्चिमी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र में ‘डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन एवं सेकेंडरी ट्रांसपोर्टेशन’ परियोजना का शुभारंभ किया।

राजधानी दिल्ली को साफ-स्वच्छ बनाने के लिए दिल्ली सरकार निरंतर कार्य कर रही है। इसी दिशा में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पश्चिमी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र में ‘डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन एवं सेकेंडरी ट्रांसपोर्टेशन’ परियोजना का शुभारंभ किया। सीएम रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर अत्याधुनिक तकनीक से लैस कचरा संग्रहण वाहनों को भी हरी झंडी दिखाई।

सफाईकर्मियों के कार्यों की सराहना
सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली नगर निगम के सफाईकर्मियों से संवाद किया। इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने सफाईकर्मियों के कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने स्वच्छ और सुंदर दिल्ली के निर्माण में सफाईकर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

दिल्ली सरकार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री रेकगा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य सिर्फ कचरा उठाना नहीं, बल्कि एक आधुनिक, तकनीक आधारित प्रणाली विकसित करना है। यह नई व्यवस्था घर-घर से कचरा संग्रहण को अधिक प्रभावी बनाएगी। सीएम रेखा गुप्ता ने यह व्यवस्था सिर्फ पश्चिमी दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि चरणबद्ध तरीके से पूरी दिल्ली में लागू की जाएगी।

पहले चरण में 6 वार्डों से शुरुआत
पश्चिमी दिल्ली नगर निगम के 25 वार्डों के लगभग 4.50 लाख परिवारों को यह परियोजना कवर करेगी। इसकी शुरुआत पहले चरण में 6 वार्डों से हो गई है। जबकि अन्य 19 वार्डों को 31 अगस्त 2026 तक यह शुरुआत की जाएगी। इस स्वच्छता व्यवस्था के लिए 917 अत्याधुनिक वाहनों और आधुनिक कचरा संग्रहण संसाधनों की तैनाती की गई है, जिससे हर घर से समय पर कचरा उठा लिया जाएगा।

घरों से दिन में दो बार उठाया जाएगा कचरा
वहीं इस अवसर पर मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि अब घरों से कचरा सिर्फ एक बार नहीं, दिन में दो बार उठाया जाएगा। सुबह और शाम लोगों के घरों से दो बार कचरा उठाया जाएगा। आधुनिक कचरा संग्रहण वाहनों और निगम की उन्नत व्यवस्था के माध्यम से राजधानी को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़