पेपर लीक मामले पर दिल्ली में हुए प्रदर्शन के बाद केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन का फैसला लिया था। केंद्र सरकार के इस फैसले का स्वागत किया जा रहा है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी पीएम मोदी के फैसले का स्वागत किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छात्रों के हितों की रक्षा और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सीएम रेखा गुप्ता ने पोस्ट में क्या लिखा?
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट शेयर की जिसमें लिखा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, छात्रों के हितों की रक्षा करना और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक मामलों में फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्णय हर मेहनती छात्र को न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है”। इसके साथ ही सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि “जो लोग छात्रों के अधिकारों का उल्लंघन करते हैं और उनकी कड़ी मेहनत पर कुठाराघात करते हैं, उनके खिलाफ कानून पूरी सख्ती से काम करेगा”।
पीएम मोदी ने क्या घोषणा की थी?
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 जुलाई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर घोषणा की थी कि पेपर लीक मामले के दोषियों को कठोर सजा दी जाएगी। इसके लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे। पीएम नरेंद्र मोदी ने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं।












