असम में बाढ़ का रौद्र रूप देखने को मिला। बाढ़ में कई लोगों के आशियाने उजड़ गए। वहीं कई लोगों की मौत भी हो गई। बाढ़ राहत कार्य अभी भी भी जारी है। केंद्र सरकार ने ऊपरी असम में आई भीषण बाढ़ की पूरी जानकारी ली। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बातचीत की और बाढ़ से पैदा हालात की जानकारी पीएम मोदी को दी।
पीएम ने ली बाढ़ की स्थिति की जानकारी
पीएम नरेंद्र मोदी ने सीएम को राहत, बचाव, पुनर्वास और दीर्घकालिक पुनर्निर्माण के लिए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं फोन कर राज्य में बाढ़ की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान प्रधानमंत्री ने जान-माल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया और प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना प्रकट की।
हर संभव मदद का आश्वासन
सीएम ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी ने आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार इस प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए असम सरकार के साथ खड़ी है। असम में राहत, बचाव, पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार की ओर से चलाए जा रहे राहत और बचाव अभियानों की पूरी जानकारी भी दी। सीएम ने बताया कि प्रशासन प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बाढ़ से हुए नुकसान, राहत कार्यों की प्रगति और प्रभावित इलाकों में सामने आ रही चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।












