नशा मुक्त हरियाणा बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। राज्य में नशे के खिलाफ कई अभियान भी चलाए गए हैं। इसी दिशा में यमुनानगर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य स्तरीय नशा मुक्ति जनजागरण दौड़ में भाग लिया और युवाओं के साथ नशे के खिलाफ दौड़ लगाई। जिससे पूरे राज्य को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया।
युवाओं के साथ दौड़े सीएम
यह मैराथन मटका चौक से शुरू हुई जिसे मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 10 किलोमीटर की इस मैराथन में सीएम नायब सैनी भी खुद कुछ दूरी तक युवाओं के साथ दौड़े।
नशे को लेकर सीएम का संदेश
सीएम नायब सैनी ने संदेश देते हुए कहा कि नशा सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है। राज्य सरकार युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने और नशे के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करने के लिए लगातार अभियान चला रही है।
मैराथन के विजेताओं को इनाम
वहीं इस मैराथन के विजेताओं को सीएम सैनी ने इनाम देकर सम्मानित भी किया। इस प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में मोहित तथा महिला वर्ग में भारती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने दोनों विजेताओं को मंच पर सम्मानित करते हुए एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया। दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 75 हजार और 51 हजार रुपये दिए गए, जबकि चौथे से दसवें स्थान तक रहने वाले खिलाड़ियों को 5,100 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।












