RBI बाजार में उतारेगा 10-20 रुपए के पॉलिमर करेंसी नोट, केंद्र सरकार ने दी प्रस्ताव को मंजूरी

लोकसभा में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि वित्त मंत्रालय ने पॉलिमर करेंसी नोटों के फील्ड ट्रायल मंजूरी दे दी है।

केंद्र सरकार ने RBI को 10 रुपए और 20 रुपए के पॉलिमर करेंसी नोटों के ट्रायल को मंजूरी दे दी है। लोकसभा में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि वित्त मंत्रालय ने पॉलिमर करेंसी नोटों के फील्ड ट्रायल मंजूरी दे दी है। केंद्र सरकार का कहना है कि यह नोट सामान्य कागज के नोटों से ज्यादा मजबूत होंगे।

क्या है केंद्र सरकार का फैसला?
केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया कि इस फैसले का मतलब कागज के नोटों को बंद करना नहीं है। पॉलिमर नोट मौजूदा कागजी नोटों के साथ ही चलन में रहेंगे। सामान्य कागज-आधारित बैंक नोटों को पूरी तरह पॉलिमर नोटों से बदलने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।

परीक्षण के लिए बाजार में उतरेंगे नोट
सरकार के अनुसार, RBI फील्ड ट्रायल के तहत 10 रुपए और 20 रुपए के एक-एक अरब पॉलिमर नोट जारी करेगा। जिसके बाद इन नोटों को बाजार में परीक्षण के आधार पर उतारा जाएगा ताकि भारतीय परिस्थितियों में इनके प्रदर्शन का आकलन किया जा सके। सरकार का कहना है कि अगर ट्रायल सफल रहता है, तभी इनके व्यापक स्तर पर जारी किए जाने पर विचार किया जाएगा।

सामान्य नोटों की तुलना में ज्यादा मजबूत
वहीं RBI के मुताबिक, पॉलिमर नोट पारंपरिक कागजी नोटों की तुलना में ज्यादा मजबूत और टिकाऊ होते हैं। अंतरराष्ट्रीय अनुभव के आधार पर केंद्रीय बैंक का यह मानना है कि सामान्य नोटों की तुलना में इनकी उम्र ज्यादा होती है, जिससे ज्यादा नकदी वाले देशों के लिए यह बेहतर विकल्प साबित हो सकते हैं।

नोटों की छपाई का घटेगा खर्च
RBI ने यह भी बताया कि कम मूल्यवर्ग के नोट जल्दी खराब हो जाते हैं, जिसके कारण उन्हें बार-बार छापना और नष्ट करना पड़ता है। पॉलिमर नोट इस समस्या को कम कर सकते हैं और लंबे समय में नोटों की छपाई और प्रतिस्थापन पर होने वाला खर्च भी घटा सकते हैं।

वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में दोहराया कि फिलहाल कागज आधारित बैंक नोटों को पूरी तरह पॉलिमर नोटों से बदलने का कोई विचार नहीं है। फिलहाल इसे ट्रायल के लिए बाजार में उतारा जाएगा। सामान्य नोटों को पूरी तरह बंद करने का सरकार का कोई प्रस्ताव नहीं है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़