केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र के किसानों को बड़ी सौगात दी है। कृषि मंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत 335 करोड़ रुपये की मदर सैंक्शन जारी की है। बता दें की शिवराज सिंह चौहान ने एक अहम समीक्षा बैठक की। इस दौरान महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे, केंद्रीय कृषि सचिव और केंद्र और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में वर्चुअली जुड़े। बैठक में राज्य की विभिन्न कृषि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
महाराष्ट्र के प्रदर्शन की तारीफ
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र के प्रदर्शन की सराहना की। और कहा कि राज्य ने पीएम आरकेवीवाई के तहत 75 प्रतिशत से ज्यादा राशि, और कई घटकों में 80 प्रतिशत से ज्यादा राशि का समय पर उपयोग किया है। महाराष्ट्र को इस प्रदर्शन के आधार पर अग्रणी राज्यों में शामिल करने पर शिवराज सिंह ने बधाई दी।
कृषि विकास के लिए राशि का उपयोग
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस दौरान कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य सिर्फ फंड जारी करना नहीं, बल्कि सरकार यह भी सुनिश्चित करती है की उनके द्वारा जारी किए गए हर रुपये का उपयोग निर्धारित लक्ष्य- किसानों के कल्याण और कृषि विकास के लिए ही हो रहा है या नहीं। इसके साथ ही शिवराज चौहान ने राज्यों से सतत मॉनिटरिंग और प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया है। शिवराज चौहान ने इस पर उम्मीद जताई कि महाराष्ट्र डिजिटल एग्रीकल्चर सहित अन्य योजनाओं में भी तेजी लाकर एक मॉडल राज्य के रूप में उभरेगा।












