दिल्ली को साफ-स्वच्छ शहर बनाने के लक्ष्य से दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार का ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। दिल्ली सरकार ने यह अभियान 70 लाख पौधे लगाने के लक्ष्य के साथ शुरू किया था। इस अभियान के तहत 3 अगस्त 2026 तक रिकॉर्ड 37 लाख 99 हजार 583 पौधे लगाए जा चुके हैं। यह कुल लक्ष्य का करीब 54 प्रतिशत है। इस अभियान को लोगों का भारी सहयोग मिल रहा है जिसका परिणाम है आज दिल्ली सरकार का यह अभियान सफल साबित हो रहा है। एक दिन में भी हजारों पौधे लोगों की ओर से लगाए जा रहे हैं। बात करें 3 अगस्त की तो एक ही दिन में 87 हजार 589 पौधे लगाए गए।
जनआंदोलन बना अभियान
इस अभियान में बढ़ती जनभागीदारी देखकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह अभियान अब सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। सीएम रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि अभियान का उद्देश्य सिर्फ ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और बेहतर सर्वाइवल रेट को सुनिश्चित करना भी है। इसके लिए स्थानीय जलवायु के अनुरूप पौधों की प्रजातियों का चयन किया जा रहा है।
अभियान में लगातार बढ़ रही जनभागीदारी
दिल्ली सरकार के इस अभियान में जनभागीदारी भी लगातार बढ़ रही है। ज्यादा से ज्यादा लोग इस अभियान से जुड़ रहे हैं। 8 जुलाई से 3 अगस्त के बीच 89 हजार 958 लोगों ने ऑनलाइन स्लॉट बुक किए, जिनमें से 83,209 नागरिकों ने मौके पर पहुंचकर पौधारोपण किया। इनके माध्यम से 1 लाख 47 हजार 580 पौधे लगाए गए। ‘वृक्ष रथ’ पहल के जरिए अब तक 9,909 पौधे लगाए जा चुके हैं और 40,544 पौधे वितरित किए गए हैं। वहीं सरकारी नर्सरियों से भी 5.43 लाख से ज्यादा पौधे मुफ्त बांटे गए हैं। सीएम रेखा गुप्ता ने लोगों से अपील की है कि इस अभियान को सहयोग देकर इसे जन आंदोलन बनाएं।












