हरियाणा के मानेसर में हरियाणा का 77वां वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने शिरकत की। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राज्य पर्यावरण एवं वन मंत्री राव नरबीर सिंह, जन प्रतिनिधि और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत सभी ने पौधे लगाए वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ की शपथ दिलाई। इसके अलावा इस अवसर पर ‘हरियाणा फॉरेस्ट न्यूज’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ का भी विमोचन किया।
हरियाणा सरकार को बधाई
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने गुरुग्राम को न सिर्फ मिलेनियम सिटी बल्कि ग्रीन सिटी बनाने के प्रयासों के लिए हरियाणा सरकार को बधाई दी। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले हरियाणा में वायु गुणवत्ता की स्थिति की समीक्षा की थी और यह जानकर खुशी हुई कि राज्य सरकार ने उनकी सिफारिशों पर ध्यान दिया है और उन सिफारिशों को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है।
राज्य में 1.4 करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य
वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वन महोत्सव सिर्फ पौधरोपण का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रकृति के प्रति अपने ऋण को चुकाने का भी अवसर है। सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ का मार्गदर्शक मंत्र दिया है, जिसके तहत इस वर्ष राज्य में 1.4 करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
जिला स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि इस साल के वन महोत्सवों की प्रमुख विशेषता यह है कि हरियाणा के सभी जिलों में एक साथ जिला स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इन कार्यक्रमों में राज्य के मंत्री, सांसद, विधायक, बोर्ड और निगमों के अध्यक्ष, उपायुक्त और संबंधित जिलों के अन्य जन प्रतिनिधियों ने अभी भागीदारी दी है।












