केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुंबई में नेशनल अर्बन कोऑपरेटिव फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के नए कार्यालय भवन के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री अमित शाह ने नए कार्यालय भवन का उद्घाटन किया जिसके बाद कार्यक्रम को संबोधित भी किया। अमित शाह ने शहरी सहकारी बैंक और आरबीआई को सहयोग से काम करने पर जोर दिया। अमित शाह ने कहा कि शहरी सहकारी बैंक और आरबीआई को ज्यादा विश्वास और भरोसे के साथ मिलकर काम करना चाहिए।
क्षेत्र को मजबूत बनाने की अपील
केन्द्रीय मंत्री अमित शाह ने दोनों पक्षों से एक-दूसरे के प्रति लंबे समय से बनी धारणाओं से आगे बढ़कर इस क्षेत्र को मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब भी सरकार और सहकारी बैंकिंग क्षेत्र ने सकारात्मक तरीके से आरबीआई से संपर्क किया, तब केंद्रीय बैंक ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
RBI के अहम कदमों का उल्लेख
इस अवसर पर अमित शाह ने आरबीआई की ओर से उठाए गए कई कदमों का उल्लेख किया। अमित शाह ने कहा कि आरबीआई ने शाखाओं के विस्तार संबंधी नियमों में ढील देना, घर-घर बैंकिंग सेवाओं की अनुमति देना, यूसीबी को डिमांड ड्राफ्ट और जीवन प्रमाण पत्र जारी करने की अनुमति देना और इस क्षेत्र के लिए एक समर्पित नोडल अधिकारी की नियुक्ति शामिल है।
अमित शाह ने किया आह्वान
केन्द्रीय मंत्री अमित शाह ने गुजरात में एक सहकारी बैंक के अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस बैंक ने बिना किसी गारंटी के 2.5 लाख रुपए तक के ऋण दिए थे और ब्याज सहित ऋण वसूली की दर 99 प्रतिशत से ज्यादा रही थी। अमित शाह ने शहरी सहकारी बैंकों से नेशनल अर्बन कोऑपरेटिव फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने का भी आह्वान किया।












