प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के तेजी से विकसित हो रहे मेडिकल टेक्नोलॉजी क्षेत्र की जमकर सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार की विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं से आज भारत एक भरोसेमंद वैश्विक मेड-टेक साझेदार के रूप में उभर रहा है।
जेपी नड्डा का पोस्ट किया शेयर
दरअसल प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की ओर से लिखे एक पोस्ट को शेयर किया। जिसमें जिसमें जेपी नड्डा ने भारत में मेडिकल डिवाइस निर्माण क्षेत्र में हुए बदलावों और आत्मनिर्भर मेड-टेक इकोसिस्टम के निर्माण की दिशा में हुई प्रगति के बारे में विस्तार से लिखा है।
सरकारी पहलों के बल पर मजबूती
इस पोस्ट को शेयर कर पीएम मोदी ने कहा कि भारत का मेड-टेक क्षेत्र घरेलू उत्पादन, आयात निर्भरता में कमी और प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना और मेडिकल डिवाइस पार्कों जैसी सरकारी पहलों के बल पर लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही भारत वैश्विक स्तर पर एक विश्वसनीय मेड-टेक भागीदार बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
अत्याधुनिक मेडिकल उपकरणों का निर्माण
बता दें कि जेपी नड्डा ने अपने लेख में कहा कि सरकार मेडिकल उपकरणों के घरेलू निर्माण को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इन अहम कदमों में पीएलआई योजना, मेडिकल डिवाइस पार्क, और फार्मा-मेडटेक में अनुसंधान एवं नवाचार संवर्धन (पीआरआईपी) योजना प्रमुख हैं। पीएलआई योजना के तहत भारत में अब तक 50 से ज्यादा अत्याधुनिक मेडिकल उपकरणों का निर्माण शुरू हो चुका है। इसके साथ ही विदेशी निवेश में लगातार बढ़ोतरी इस क्षेत्र में निवेशकों के बढ़ते भरोसे को दर्शाती है।












