सीएम रेखा गुप्ता की ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ पर महिलाओं का भरोसा, सिर्फ 7 दिनों में 5.14 लाख से ज्यादा महिलाओं के पंजीकरण दर्ज

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि “दिल्ली लक्ष्मी योजना को लॉन्च के 7 दिनों में मिल रहा अभूतपूर्व जनसमर्थन अपने आप में ऐतिहासिक है।

दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के लिए 1 अगस्त को पोर्टल शुरू किया था। जिसके महज सात दिनों के अंदर ही पांच लाख से ज्यादा महिलाओं ने पोर्टल पर पंजीकरण करा लिया है। वहीं दो लाख से ज्यादा आवेदन अंतिम रूप से जमा किए जा चुके हैं। योजना को लेकर दिल्ली की महिलाओं में बेहद उत्साह है। इसके लिए महिलायें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का गर्मजोशी से आभार भी व्यक्त कर रही हैं।

“7 दिनों में मिला अभूतपूर्व जनसमर्थन”
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि “दिल्ली लक्ष्मी योजना को लॉन्च के 7 दिनों में मिल रहा अभूतपूर्व जनसमर्थन अपने आप में ऐतिहासिक है। किसी भी सरकारी योजना में इतने कम समय में इतने बड़े पैमाने पर पंजीकरण होना एक रिकॉर्ड है। ये आंकड़े योजना के प्रति महिलाओं के बढ़ते विश्वास और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए दिल्ली सरकार की पहल को मिल रही व्यापक स्वीकृति को दर्शाता है”।

लाखों महिलाओं ने करवाया पंजीकरण
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि शनिवार दोपहर तक दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत कुल 5,14,460 महिलायें अपना आवेदन करवा चुकी हैं। इनमें से 4,36,316 पंजीकृत लाभार्थियों ने अपना जिला व विधानसभा क्षेत्र दर्ज कर दिया है, जबकि 78,144 लाभार्थियों ने अभी तक अपना जिला और विधानसभा क्षेत्र दर्ज नहीं कराया है। वहीं, कुल 2,18,728 आवेदन अंतिम रूप से जमा हो चुके हैं।

महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का संकल्प
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का संकल्प लिया था। अब सरकार उस संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि इतने कम समय में रिकॉर्ड संख्या में पंजीकरण होना दिल्ली की माताओं- बहनों के सरकार और योजना के प्रति विश्वास को दर्शाता है।

यहाँ करें ऑनलाइन आवेदन
बता दें कि दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी पात्र महिलाओं से अपील की है कि जिन्होंने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे दिल्ली लक्ष्मी योजना के आधिकारिक पोर्टल www.dly.delhi.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करें और दिल्ली सरकार की इस ऐतिहासिक योजना का लाभ उठाएं।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़