उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में सभी जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर कांवड़ यात्रियों का अभिनंदन किया। शिव भक्तों पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने पुष्प वर्षा की। कांवड़ मार्ग से गुजर रहे शिवभक्तों पर हेलिकॉप्टर से भी पुष्पवर्षा की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा को भक्ति, समर्पण, सामाजिक और राष्ट्रीय एकता और समरसता का उदाहरण बताया।
कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ यात्रा का अवलोकन भी किया। सीएम योगी ने काँवड़ यात्रा को लेकर की गए पूरी व्यवस्थाओं को जांचा। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों के लिए सुविधाओं की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने कहा कि हम सभी पूरी तत्परता से कांवड़ यात्रियों के स्वागत और सुरक्षा के लिए तैयार हैं।
करीब 4.5 करोड़ कांवड़िए करेंगे जलाभिषेक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सावन शिवरात्रि तक करीब 4 से 4.5 करोड़ भक्त हरिद्वार से पवित्र जल लेकर अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचेंगे और शिव मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवडि़ए अपनी भक्ति के साथ सामाजिक एकता, सामाजिक समानता और राष्ट्रीय अखंडता की मिसाल भी पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जाति, प्रांत और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर शिवभक्त इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं।












