उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पिछड़ा वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को भी उच्च शिक्षा मिल सके इसके लिए निरंतर प्रयास कर रही है। छात्रों को सहारा देने के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं को योगी सरकार प्रभावी ढंग से संचालित कर रही है। बात करें पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की पूर्वदशम, दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की तो इस योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 अगस्त से शुरू होने वाली है। इस योजना के तहत छात्रवृत्ति के लिए छात्र 11 से 25 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे। जबकि साल 2026-27 सत्र के नए छात्र 11 अगस्त से 21 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
समय सीमा के अंदर आवेदन करने की अपील
योजना के तहत छात्रों से समय सीमा के अंदर आवेदन करने की अपील की गई है। बता दें कि योगी सरकार की इस योजना के जरिए पिछले 9 सालों में करीब 22 करोड़ से ज्यादा छात्रों को लाभ मिल चुका है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा हासिल करने का अवसर मिल रहा है।
36 लाख से ज्यादा छात्र हुए लाभान्वित
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की छात्रवृत्ति योजना का लाभ हर साल लाखों छात्रों को मिल रहा है। साल 2025-26 में पिछड़ा वर्ग के 36 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं को पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की गई। पूर्वदशम यानी कक्षा 9 और 10 की छात्रवृत्ति योजना के तहत 8.88 लाख छात्रों के बैंक खातों में कुल 219.64 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी गई थी। इस अवधि में दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत इंटरमीडिएट से लेकर उच्च शिक्षा तक के 27.86 लाख छात्रों को कुल 2882.02 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।












