उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर दौरे पर रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में सुबह जनता दर्शन किए। इस दौरान सीएम योगी ने खुद लोगों से मुलाकात की। उन्होंने जनता दरबार में अपनी समस्या लेकर आए सभी लोगों की गंभीरता से बात सुनी। उन्होंने लोगों से उनके प्रार्थना पत्र लिए। सीएम योगी ने कहा कि ‘घबराइए मत, आपकी समस्या का समाधान जरूर कराया जाएगा।’
करीब 200 लोगों की सुनी समस्याएं
गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने जनता दर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनका समाधान करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में मौजूद अधिकारियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि हर पीड़ित व्यक्ति की समस्या पर संवेदनशीलता से ध्यान दें और उसका त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी समाधान कराएं।
इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार
सीएम योगी के जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता का अनुरोध लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री योगी ने उन्हें भरोसा देते हुए कहा कि इलाज में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी, सरकार पर्याप्त आर्थिक सहायता देगी। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए धनराशि दी जाएगी।












