उत्तर प्रदेश सरकार ने इस बार कांवड़ यात्रा को हाईटेक बनाने का काम किया है। जिसके बाद यह कांवड़ यात्रा अब आस्था के साथ तकनीक और आधुनिक व्यवस्थाओं का भी संगम बन गई है। बता दें कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने इस बार कांवड़ियों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा के लिए प्रदेशभर में हाईटेक इंतजाम किए हैं। कांवड़ यात्रा एप की सुविधा शिवभक्तों को दी गई है। जिसके जरिए शिवभक्तों को एक क्लिक पर यात्रा से जुड़ी जरूरी सभी जानकारियां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
हर सुविधा की जानकारी आसानी से उपलब्ध
बता दें कि इस हाईटेक एप के माध्यम से कांवड़ियों को रूट मैप से लेकर मंदिर, शौचालय, चिकित्सा सुविधा और भोजन तक की जानकारी आसानी से मिल रही है। शिकायत या आपात स्थिति में भी इसके जरिए तत्काल मदद हासिल की जा सकती है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स को भी एप से जोड़ा गया है, जिससे कांवड़ियों तक यात्रा से जुड़ी पल-पल की अपडेट पहुंच रही है।
व्यवस्थाओं पर प्रशासन की कड़ी निगरानी
कांवड़ यात्रा वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य, पेयजल, भोजन, शौचालय और आवागमन की व्यवस्थाओं के साथ प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसके साथ ही कंट्रोल रूम के जरिए यात्रा मार्गों की कड़ी निगरानी की जा रही है। इसी के साथ अधिकारी भी व्यवस्थाओं की लगातार पड़ताल कर रहे हैं।
बागपत में लगभग 25 हजार श्रद्धालुओं ने इस्तेमाल की एप
बता दें कि कांवड़ यात्रा एप श्रद्धालुओं के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहा है। बागपत की जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने बताया कि बागपत जिले में अब तक 25 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने इस एप का इस्तेमाल किया है। इस एप के माध्यम से कांवड़ियों को यात्रा मार्ग और रास्ते में उपलब्ध जरूरी सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल रही है।












