उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर वासियों को बड़ी सौगात दी है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने यहाँ ग्रीन सिटी रोड का लोकार्पण किया। राष्ट्रीय राजमार्ग 24 के गोरखपुर-सोनौली मार्ग से शुरू होकर ग्रीन सिटी और पटनिया होते हुए माधोपुर बांध तक जाने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क की सौगात से लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। बता दें कि इस सड़क का निर्माण और चौड़ीकरण 69.58 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है।
जलभराव की समस्या का होगा समाधान
लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड-2 द्वारा तैयार की गई इस सड़क से जलभराव की समस्या का भी समाधान होगा। सड़क के दोनों ओर नालियों का भी निर्माण कराया गया है। इससे लोगों को जलभराव की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। इस उद्घाटन के बाद इस मार्ग को आम लोगों के लिए खोल दिया गया है।
लोगों को आवजाही में काफी आसानी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित किया। सीएम योगी ने कहा कि इस 2 किलोमीटर लंबी सड़क के बन जाने से लोगों को आवजाही में काफी आसानी होगी। पहले यह रास्ता बहुत संकरा था। जिसकी वजह से यहां बस और ट्रक तक नहीं आ पाते थे जबकि इस मार्ग पर कई प्रमुख स्कूल भी स्थित हैं। सीएम योगी ने कहा कि अब इस क्षेत्र के लोगों को अगर सोनौली, महाराजगंज या बलरामपुर की तरफ जाना है तो उन्हें शहर के अंदर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
शहर में आवाजाही बेहद आसान
सीएम योगी ने यह भी बताया कि राजघाट पुल के पास ट्रांसपोर्ट नगर से माधोपुर तक फोरलेन सड़क बनाने का काम भी तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही डोमिनगढ़ में एक नया फ्लाईओवर भी बनाया जाएगा। इससे शहर में आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी और लोगों को जाम से छुटकारा मिलेगा।












