मध्य प्रदेश कैबिनेट की बैठक आयोजित हुई। सीएम मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अहम फैसले लिए गए। बैठक में 47 हजार 990 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई है। जिससे प्रदेश के विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और महिला सशक्तिकरण को रफ्तार मिलेगी। इसके साथ ही बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के लिए 28,083.47 करोड़ रुपये और आयुष्मान भारत योजना के लिए 12 हजार 123 करोड़ 81 लाख रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी मिली है।
मेट्रोपोलिटन सिटी के रूप में विकसित
बैठक में भोपाल को मेट्रोपोलिटन सिटी के रूप में विकसित करने के लिए भोपाल-विदिशा के बीच 44.83 किमी लंबी 4-लेन सड़क बनाने को मंजूरी दी गई है। इसके लिए 1,757 करोड़ 55 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। इससे यातायात बेहतर बनेगा।
कैबिनेट ने 918 करोड़ किए मंजूर
कैबिनेट बैठक में वन समितियों को मिलने वाले लाभांश की योजना को 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने का फैसला लिया गया है। इसके लिए कैबिनेट ने 918 करोड़ मंजूर किए हैं।
पुरस्कारों की राशि बढ़ाने पर मंजूरी
इसके अलावा कैबिनेट बैठक में समाज सेवा करने वाली महिलाओं को दिए जाने वाले रानी दुर्गावती पुरस्कार की राशि बढ़ाने पर मंजूरी दी गई है। रानी दुर्गावती पुरस्कार की राशि अब 2 लाख प्रति वर्ष करने की मंजूरी दी है। इसके साथ ही, रानी अवन्ती बाई वीरता पुरस्कार की राशि भी 1 लाख से बढ़ाकर 2 लाख रुपए कर दी गई है।












