देशभर में हर घर तिरंगा अभियान को मजबूती देने का काम किया जा रहा है। राज्यों में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। इसी दिशा में दिल्ली में भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कर्तव्य पथ पर भव्य तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर दिल्ली के लोगों से अपील की है कि सभी नागरिक अपने घरों में तिरंगा फहराएं। इसके साथ ही तिरंगे के साथ तस्वीरें लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करें।
सीएम रेखा गुप्ता की अपील
तिरंगा यात्रा शुरू होने से पहले दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने लोगों को संबोधित भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि “आज हम अपने देश को आगे ले जाने और भारत को मजबूत बनाने के पक्के इरादे के साथ यहां खड़े हैं। स्वतंत्रता सेनानियों ने हमारे देश को आजादी दिलाई है। अब युवाओं और मौजूदा पीढ़ी के हाथों में ही देश की बागडोर है। अपने घरों में तिरंगा फहराएं और तस्वीरें लें।”
बीजेपी निकाल रही तिरंगा यात्राएं
स्वतंत्रता दिवस से पहले भारतीय जनता पार्टी पूरे शहर में तिरंगा यात्राएं निकाल रही है। कई राज्यों में भव्य तिरंगा यात्रा निकालकर राष्ट्र के प्रति देशभक्ति की भावना को जागृत करने का काम किया जा रहा है। ताकि आजादी की लड़ाई में हिस्सा लेने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रवादी नेताओं के योगदान को याद किया जा सके।












