प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के बीरभूम में हुई दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। मृतकों के परिजनों के प्रति पीएम मोदी ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। इसके साथ ही पीएम ने पीड़ितों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से अनुग्रह राशि की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीरभूम में हुए हादसे में मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये देने की घोषणा की है। इसके साथ ही घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
पीड़ितों को अनुग्रह राशि की घोषणा
प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर किया। जिसमें लिखा कि “पश्चिम बंगाल के बीरभूम में हुए हादसे के मद्देनजर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की है”।
हादसे में करीब 9 लोगों की मौत
बता दें कि 17 अगस्त को बीरभूम के तारापीठ में एक चार मंजिला होटल में भीषण आग लगी। उस समय ज्यादातर श्रद्धालु सो रहे थे। आग लगने से करीब 9 लोगों की मौत हो गई है। वहीं हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। मृतकों में मेघालय के पश्चिम गारो हिल्स से आए 5 तीर्थयात्री बताए जा रहे हैं। वहीं घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में किया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।












