दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘दिल्ली मास्टर प्लान 2047’ का स्वागत किया है। इस विजन के लिए दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली की जनता की ओर से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
विकसित दिल्ली का संकल्प
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “दिल्ली के लोगों की ओर से, दिल्ली मास्टर प्लान 2047 के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर का हार्दिक धन्यवाद। यह मास्टर प्लान एक विकसित दिल्ली के लिए पूरा रोडमैप है और हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए एक व्यवस्थित, सुविधाजनक और बेहतर दिल्ली का वादा है। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के समन्वय में, दिल्ली सरकार इस विज़न को ज़मीनी स्तर पर उतारकर विकसित दिल्ली के संकल्प को मज़बूती से आगे बढ़ाएगी”।
“पुनर्विकास के नए रास्ते खुलेंगे”
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “गाँवों से लेकर अनधिकृत कॉलोनियों तक, पुरानी रिहायशी कॉलोनियों से लेकर बाज़ार वाले इलाकों तक, यह मास्टर प्लान दिल्ली के हर निवासी की ज़रूरतों और भविष्य की चिंताओं को ध्यान में रखता है। बढ़ती आबादी, ट्रांसपोर्ट और प्रदूषण जैसी चुनौतियों के बीच, यह दिल्ली को व्यवस्थित, सुविधाजनक और भविष्य के लिए तैयार करने का संकल्प है। बढ़े हुए FAR के साथ पुनर्विकास के नए रास्ते खुलेंगे। आसान नियमों के साथ सुविधाओं का विस्तार करना सरल हो जाएगा। ‘जहाँ झुग्गी, वहीं मकान’ का संकल्प गरीब परिवारों के अपने पक्के घर के सपनों को नई ताकत देगा”।
“व्यापक योजना तैयार की गई”
सीएम रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि, “दिल्ली मास्टर प्लान 2047 का लागू होना हम सभी दिल्लीवासियों के लिए बेहद खुशी का पल है। इसमें ग्रामीण इलाकों, अनधिकृत कॉलोनियों और नियोजित क्षेत्रों सहित पूरी दिल्ली के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी गई है। आवासीय कॉलोनियों, बाजार क्षेत्रों, कम घनत्व वाले इलाकों, शैक्षणिक बुनियादी ढांचे, बढ़ते परिवहन और प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए शहरी विकास के लिए एक व्यापक योजना तैयार की गई है”।












