उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। राजस्थान के पूर्व राज्यपाल, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण’ ‘बाबूजी’ कल्याण सिंह की 5वीं पुण्यतिथि और ‘हिंदू गौरव दिवस’ के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
“राम मंदिर के निर्माण का मार्ग किया प्रशस्त”
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, “‘बाबूजी’ कल्याण सिंह जी ने भारत के सनातन मूल्यों की रक्षा करते हुए अयोध्या धाम में राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। सनातन धर्म के हर अनुयायी का यह कर्तव्य है कि वह उनके प्रति सम्मान का भाव रखे। ‘बाबूजी’ कल्याण सिंह दबाव में काम करने वालों में से नहीं थे। वे कहा करते थे कि ‘कल्याण सिंह टूट तो सकता है, पर झुक नहीं सकता। उन्होंने जीवन भर इस वचन का पालन किया”।
समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना
सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि, ये वो लोग हैं जो गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं। इन्होंने पहले ‘P’ का मतलब ‘पिछड़ा’ बताया, फिर उसे ‘पंडित’ बना दिया। किसी दिन ये ‘P’ का मतलब ‘पाकिस्तान’ भी बता देंगे।
“अखिलेश यादव रखते हैं द्वेष”
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “ये वही लोग हैं, जिन्होंने ‘बाबूजी’ कल्याण सिंह को प्रत्यक्ष श्रद्धांजलि देने के बजाय शब्दों से भी कुछ नहीं व्यक्त किया। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव इतना द्वेष रखते हैं। ये बड़ा अपमान है, यह अपमान उस सनातन हिंदू के लिए है, जिसको लगता है कि बाबू जी का जीवन हिंदू गौरव के लिए समर्पित था। ये उस हर हिंदू का अपमान था। ऐसा अखिलेश यादव ने यह पहली बार नहीं किया जब किसी का अपमान किया हो”।












