दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार राजधानी दिल्ली को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए लगातार अहम कदम उठा रही है। इसी दिशा में दिल्ली सरकार ने बड़ा अभियान शुरू किया है। ‘दिल्ली को कचरे से मुक्ति’ अभियान 17 अगस्त से शुरू किया गया है। यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा। जिसके तहत स्वच्छ और कूड़ा-मुक्त दिल्ली बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
दिल्ली के सभी नागरिकों से अपील
दिल्ली सरकार ने दिल्ली के सभी नागरिकों से अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा लोग ‘दिल्ली को कचरे से मुक्ति’ अभियान में शामिल होकर बदलाव का हिस्सा बनें। कचरा कूड़ेदान में डालें, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करें, एक बार इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक से बचें, निर्माण और विध्वंस कचरे को निर्धारित स्थानों पर डालें। क्योंकि स्वच्छ दिल्ली की यात्रा किसी और से नहीं, बल्कि हम सब से शुरू होती है।
एमसीडी 311 ऐप पर दें जानकारी
दिल्ली सरकार का कहना है कि दिल्ली को कचरे से मुक्ति सिर्फ एक अभियान नहीं है बल्कि यह एक ऐसी आदत है जिसे हम हर दिन अपना सकते हैं। लोगों से अपील की गई है कि कचरे से संबंधित समस्याओं की जानकारी एमसीडी 311 ऐप पर दें। इसके साथ ही दिल्ली सरकार बेहतरीन कार्य करने वाले वार्ड को 1 करोड़ रुपये का पुरस्कार देगी।












