उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने कनिष्ठ सहायक के पदों पर भर्ती का रिजल्ट जारी कर दिया है। यह भर्ती औद्योगिक विकास विभाग में कनिष्ठ सहायक के पदों पर कि गई है। अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे युवाओं का इंतजार अब खत्म हो गया है। कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा के आधार पर घोषित परिणाम में 50 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। जो भी उम्मीदवार इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए थे वो आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://www.upessc.up.gov.in/ पर देख सकते हैं।
50 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन
आयोग के अनुसार, कनिष्ठ सहायक के 62 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए थे। लेकिन विभाग से प्राप्त संशोधित अधियाचन के बाद पदों की संख्या घटाकर 54 कर दी गई। संशोधित पदों के आधार पर आयोग ने 50 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया है।
आरक्षण नियमों के तहत चयन
बता दें कि अंतिम चयनित 50 अभ्यर्थियों में 34 अनारक्षित, 3 अनुसूचित जाति, 1 अनुसूचित जनजाति, 7 अन्य पिछड़ा वर्ग और 5 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थी शामिल हैं। वहीं आयोग ने अंतिम परिणाम के साथ श्रेणीवार कटऑफ भी जारी की है। जिसके तहत अनारक्षित वर्ग में चयनित अभ्यर्थी की कटऑफ 65 अंक रही। अनुसूचित जाति की कटऑफ 26.75 रही। अनुसूचित जनजाति की 50, ओबीसी की 62.50 और ईडब्ल्यूएस की कटऑफ 63.75 अंक रही। क्षैतिज आरक्षण में दिव्यांगजन की एएसडीएचएचडीईओएच श्रेणी की कटऑफ 54.75, वहीं दिव्यांगजन की अन्य श्रेणी की कटऑफ 44.25 अंक और महिला अभ्यर्थियों की कटऑफ 42 अंक दर्ज की गई।
योगी सरकार में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता
योगी सरकार में सरकारी भर्तियों को पारदर्शी, निष्पक्ष बनाने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। इसी दिशा में कनिष्ठ सहायक भर्ती का अंतिम परिणाम जारी किया गया है। लिखित परीक्षा, अभिलेख परीक्षण और आरक्षण संबंधी प्रावधानों के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई है। चयनित अभ्यर्थियों के नाम और श्रेणीवार कटऑफ आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।












