25 अगस्त, 2016 को शुरू हुए UPI यानि यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस के जरिए भारत में डिजिटल भुगतान में क्रांतिकारी बदलाव के 10 साल पूरे हो गए हैं। यूपीआई भारत के डिजिटल भुगतान तंत्र की रीढ़ बनकर उभरा है।
सीएम रेखा गुप्ता ने दी बधाई
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि, “UPI ने न सिर्फ़ लेन-देन का तरीका बदला है, बल्कि एक पूरी पीढ़ी में यह भरोसा भी जगाया है कि टेक्नोलॉजी के मामले में भारत न सिर्फ़ दुनिया का अनुसरण करता है, बल्कि उसका नेतृत्व भी कर सकता है”।
सीएम धामी ने शेयर किया पोस्ट
वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, “10 साल पहले शुरू हुआ UPI का सफ़र आज भारत की डिजिटल क्रांति की पहचान बन गया है। शहरों के बड़े शोरूम से लेकर दूर-दराज़ के पहाड़ों पर बनी छोटी चाय की दुकानों तक, अब कुछ ही सेकंड में बिना कैश के पेमेंट करना मुमकिन हो गया है। UPI ने लेन-देन को आसान, तेज़ और पारदर्शी बना दिया है। इसने आम नागरिकों के लिए बैंकिंग और डिजिटल पेमेंट सेवाओं को हर घर तक पहुँचाया है और भारत ने दुनिया के सामने डिजिटल पेमेंट का एक सफल मॉडल पेश किया है। इस ऐतिहासिक बदलाव के पीछे पीएम नरेंद्र मोदी का दूरदर्शी नेतृत्व और ‘डिजिटल इंडिया’ का संकल्प है। उन्होंने टेक्नोलॉजी को सिर्फ़ आधुनिकता का ज़रिया ही नहीं, बल्कि लोगों की सुविधा और सशक्तिकरण का साधन बनाया है।”।
सीएम योगी ने की सराहना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि, ” पीएम नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में 10 वर्ष पूर्व प्रारंभ हुई UPI की यात्रा आज भारत की डिजिटल सामर्थ्य और आत्मनिर्भरता की वैश्विक पहचान बन चुकी है। UPI ने समय और दूरी की बाधाएं मिटाकर बैंकिंग सुविधा को जन-जन की हथेली तक पहुंचाया है। इसने तकनीक को अंतिम व्यक्ति के जीवन में वास्तविक सुविधा और आर्थिक सशक्तीकरण का माध्यम बनाया है”।












