केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री-सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, 47 लाख से ज्यादा परिवारों को मिला लाभ

लोकसभा में सरकार ने बताया कि प्रधानमंत्री–सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक लाखों परिवार लाभान्वित हुए हैं।

केंद्र सरकार की सौर ऊर्जा योजना का लाभ लाखों परिवारों को मिला है। लोकसभा में सरकार ने बताया कि प्रधानमंत्री–सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक लाखों परिवार लाभान्वित हुए हैं। करीब 47.47 लाख से ज्यादा परिवार इस योजना का लाभ ले चुके हैं। जिनमें से लगभग 19 लाख घरों का बिजली बिल कई महीनों तक शून्य रहा है।

सरकार का क्या लक्ष्य?
लोकसभा में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा और विद्युत राज्यमंत्री श्रीपाद नाईक ने बताया कि 1 करोड़ आवासीय घरों में छत पर सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित करना सरकार का लक्ष्य है, जिसके लिए योजना के तहत 75,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। दक्षिण दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के प्रश्न के लिखित उत्तर में राज्यमंत्री श्रीपाद नाईक ने यह जानकारी दी।

कई महीनों तक बिल शून्य दर्ज
सरकार के अनुसार, देशभर में 39 लाख 38 हजार 805 छत आधारित सौर ऊर्जा कनेक्शन लगाए जा चुके हैं। यह आंकड़ा फरवरी 2024 से 20 जुलाई तक के बीच का है। वहीं इस योजना के अंतर्गत अब तक 27 हजार 323 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता प्रदान की गई है। साथ ही 18.93 लाख से ज्यादा घरों में बिजली की खपत के अनुसार कई महीनों तक बिल शून्य दर्ज किया गया।

योजना के तहत क्या लाभ?
इसके अलावा सरकार ने यह भी बताया कि दिल्ली में योजना के तहत पहले 2 किलोवाट तक 30 हजार रुपये प्रति किलोवाट की सहायता दी जाती है। वहीं उसके बाद 18 हजार रुपये प्रति किलोवाट की सहायता दी जाती है। बता दें कि  समूह आवासीय समितियों के लिए भी 18 हजार रुपये प्रति किलोवाट की सहायता उपलब्ध है और वे 500 किलोवाट क्षमता तक का संयंत्र स्थापित कर सकती हैं।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़