केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान राजस्थान दौरे पर रहे। बारां में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिवराज चौहान ने शिरकत की। इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहे। इस अवसर पर कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री को 2 लाख 89 हजार 355 आवासों की स्वीकृति और 3 हजार 473 करोड़ रुपये की परियोजना का पत्र सौंपा। साथ ही कृषि उन्नति और पीएम आरकेवीवाई के लिए 340.59 करोड़ रुपए की राशि का भी स्वीकृति पत्र दिया।
पीएम मोदी का संकल्प पूरा
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान के गरीब भाई बहनों को पक्के घर देने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प पूरा किया जा रहा है। 2 लाख 89 हजार 355 घरों की स्वीकृति 3 हजार 473 करोड़ रुपये की लागत से राजस्थान को समर्पित की जा रही है। साथ ही कृषि से जुड़ी योजनाओं के तहत 340.59 करोड़ रुपये भी राज्य के विकास के लिए जारी किए गए।
नए लाभार्थियों का किया सर्वे
इस दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि 29 लाख 13 हजार 749 नए लाभार्थियों का सर्वे किया गया है। जिसके बाद फिजिकल वेरिफिकेशन के बाद शेष पात्रों को भी घर आवंटित किए जाएंगे। जिला और पंचायत स्तर पर पारदर्शी लिस्ट चिपकाने, आपत्तियाँ सुनने और गलत कटौती रोकने का निर्देश दिया ताकि पात्रों के नाम गलती से न कटें।
तीन प्रमुख बदलाव घोषित
बता दें कि अब योजना के तहत तीन प्रमुख बदलाव किए गए। अब दोपहिया वाहन रखने वालों को भी पक्का आवास मिलेगा। बता दें कि इससे पहले इस पर रोक थी। वहीं जिन बहनों की आमदनी 15 हजार रु. प्रति महीने तक है, उन्हें भी आवास का लाभ मिलेगा। बता दें की इससे पहले सीमा 10,000 रुपए थी। कृषि वाले छोटे किसानों के लिए जिनके पास 5 एकड़ असिंचित या 2.5 एकड़ सिंचित जमीन है, उन्हें भी मकान के लिए सहायता दी जाएगी।












