देश में घर-घर राष्ट्र भक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान का शुभारंभ किया। यह राष्ट्रव्यापी अभियान 9 अगस्त से शुरू होगा जो 17 अगस्त 2026 तक पूरे देश में चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह अभियान देशभर में शुरू किया गया था जो अब एक बड़ा जनआंदोलन में बन गया है।
सबसे बड़े जनभागीदारी आंदोलनों में से एक
‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान भारत के सबसे बड़े जनभागीदारी आंदोलनों में से एक बन चुका है। इस अभियान के तहत नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज को गर्व से फहराने और देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना का जश्न मनाने वाली विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया गया है।
वार्षिक राष्ट्रीय परंपरा बना अभियान
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 2022 में शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान एक जनआंदोलन बन गया है। यह अभियान एक वार्षिक राष्ट्रीय परंपरा बन गया है। जिसमें करोड़ों नागरिकों की भागीदारी हो रही है। नागरिक हर स्वतंत्रता दिवस पर स्वेच्छा से राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं।
हर भारतीय को प्रेरित करता है अभियान
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि हर घर तिरंगा आज एक सच्चा जन आंदोलन बन गया है, जिसे पूरे देश में अपार उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा समाज के क्षेत्र या वर्ग की परवाह किए बिना हर भारतीय को प्रेरित करता है। यह अभियान नागरिकों को 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को फिर से मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। इस साल का हर घर तिरंगा अभियान और भी महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि यह भारत के राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ के साथ मनाया जा रहा है। इसलिए इस अभियान में लोग बढ़चढ़ कर भागीदारी करें। ।












