सहायक लेखाकार-लेखा परीक्षक परीक्षा का रिजल्ट जारी, 1643 अभ्यर्थियों का हुआ अंतिम चयन

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने सहायक लेखाकार और लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है।

उत्तर प्रदेश में युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया मिले और ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो इसके लिए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार लगातार काम कर रही है। इसी दिशा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व एक और महत्वपूर्ण कदम सामने आया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने सहायक लेखाकार और लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। कुल 1828 विज्ञापित पदों के लिए परीक्षा करवाई गई थी। जिसमें 1643 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है। आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांकों की सूची और विभिन्न श्रेणियों की कटऑफ लिस्ट अपनी वेबसाइट  https://upsssc.gov.in पर अपलोड कर दी हैं।

570 अभ्यर्थियों का चयन
आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत सहायक लेखाकार के 668 सामान्य चयन पदों के सापेक्ष 570 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें अनारक्षित वर्ग के 387, अन्य पिछड़ा वर्ग के 117 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 66 अभ्यर्थी शामिल हैं। अनुसूचित जाति के 88 और अनुसूचित जनजाति के 10 पदों के सापेक्ष संबंधित श्रेणी के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण इन पदों को नियमानुसार अग्रनीत किया गया है।

 866 अभ्यर्थियों को मिली सफलता
वहीं सहायक लेखाकार के 950 विशेष चयन पदों के सापेक्ष 866 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया है। इनमें अनुसूचित जाति के 341, अनुसूचित जनजाति के 12 और अन्य पिछड़ा वर्ग के 513 अभ्यर्थी शामिल हैं। महिला क्षैतिज आरक्षण के तहत विज्ञापित 190 पदों के सापेक्ष सभी 190 महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।

लेखा परीक्षक के पदों पर 206 चयनित
आयोग ने लेखा परीक्षक के 209 सामान्य चयन पदों पर 206 अभ्यर्थियों का चयन किया है। इनमें अनारक्षित वर्ग के 96, अनुसूचित जाति के 28, अनुसूचित जनजाति के 4, अन्य पिछड़ा वर्ग के 58 और ईडब्ल्यूएस वर्ग के 20 अभ्यर्थी शामिल हैं। महिला क्षैतिज आरक्षण के तहत 41 पदों पर सभी 41 महिला अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

विधिक सेवा प्राधिकरण के पद पर भी चयन
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के नियंत्रणाधीन सहायक लेखाकार के एक पद पर भी एक अभ्यर्थी का चयन हुआ है। यह पद अनारक्षित श्रेणी का था।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़