छत्तीसगढ़ सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और आधुनिक बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। इस दिशा में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने रायपुर समेत प्रदेश के तीन शहरों में ग्रेन एटीएम का ऑनलाइन शुभारंभ किया। बता दें कि इसकी शुरुआत रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग से की गई है। इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार ग्रेन एटीएम की व्यवस्था शुरू की गई है। इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और सुविधाजनक बना दिया गया है। अब छत्तीसगढ़ देश का पांचवां राज्य बन गया है, जहां एटीएम के माध्यम से हितग्राहियों को चावल उपलब्ध कराया जाएगा।
दूसरे राज्यों के राशन कार्डधारी को भी सुविधा
मंत्री दयालदास बघेल ने जानकारी देते हुए बताया कि इन ग्रेन एटीएम का लाभ सिर्फ छत्तीसगढ़ के हितग्राही ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड, ओडिशा और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों के राशन कार्डधारी भी उठा सकेंगे। यानी पात्र हितग्राही अपने राशन कार्ड के आधार पर निर्धारित मात्रा में चावल प्राप्त कर सकेंगे।
ग्रेन एटीएम 24 घंटे होंगे संचालित
मंत्री ने कहा कि यह ग्रेन एटीएम 24 घंटे संचालित किया जाएगा। इससे यह लाभ होगा कि हितग्राहियों को राशन दुकान खुलने के निर्धारित समय का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इससे वे अपनी सुविधा और समय के अनुसार कभी भी एटीएम से चावल प्राप्त कर सकेंगे। राशन दुकानों में लगने वाली लंबी कतारों से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
एटीएम पर रहेगी कड़ी निगरानी
मंत्री दयालदास बघेल ने बताया कि प्रत्येक ग्रेन एटीएम की क्षमता 2500 किलोग्राम चावल रखने की है। मशीन में चावल की लोडिंग की प्रक्रिया भी स्वचालित होगी। इससे राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और तकनीकी सुविधा बढ़ाने में मदद मिलेगी। 24 घंटे संचालित होने वाले ग्रेन एटीएम की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। सभी एटीएम पर सीसीटीवी कैमरों के साथ सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था रहेगी।












