नीट पेपर लीक के खिलाफ पश्चिम बंगाल में मार्च निकाला गया। जिसके दौरान पत्रकारों पर हमले की सूचना सामने आई। इसे लेकर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पत्रकारों पर हमले की निंदा की। सीएम ने आश्वासन दिया कि हाल में पारित गुंडा अधिनियम के तहत उपद्रवियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सीएम ने विधानसभा में की निंदा
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता में निकाले गए विरोध मार्च के दौरान पत्रकारों और फोटो पत्रकारों पर हुए हमले के संबंध में पश्चिम बंगाल विधानसभा में निंदा करते हुए कहा कि करीब 70 ऐसे लोगों की पहचान की गई है, जिनका प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं था।
सख्त कार्रवाई के निर्देश
सीएम ने उपद्रवियों के खिलाफ ‘‘सख्त से सख्त कार्रवाई’’ का आश्वासन दिया है। सीएम ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ हाल में पारित गुंडा अधिनियम की धारा लगाई गई हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि उपद्रवियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कोलकाता पुलिस की सराहना
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘लोकतांत्रिक देश में कोई भी व्यक्ति कानून का पालन करते हुए और शांतिपूर्ण तरीके से अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल कर सकता है।’’ सीएम ने कहा कि पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि स्थिति नियंत्रण से बाहर होने तक कोई कार्रवाई न की जाए। मुख्यमंत्री ने कोलकाता पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि उपद्रवी चाहते थे कि पुलिस लाठीचार्ज करे, आंसू गैस के गोले छोड़े और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो जाए लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें ऐसा कोई अवसर नहीं दिया।












