चमोली टनल हादसे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सीएम धामी ने राहत और बचाव अभियान की स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री धामी ने टनल में फंसे शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सीएम के अधिकारियों को सख्त निर्देश
बैठक के दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बचाव अभियान में उपलब्ध सभी संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने NDRF, SDRF, ITBP, पुलिस, प्रशासन और THDC की टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा। इसके साथ ही रेस्क्यू में जुटे जवानों और कर्मचारियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को भी कहा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बचाव अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी संभावित विकल्पों का उपयोग कर फंसे हुए लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाए।
घायलों को मिले बेहतर चिकित्सा सुविधा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों को मुआवजा और सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। सीएम ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था जाँची। वहीं आवश्यकता के अनुसार उच्च चिकित्सा केंद्रों में उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।












