उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया। सीएम धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
“उनका व्यक्तित्व सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा”
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “अटल बिहारी वाजपेयी जी माँ भारती के उपासक, राष्ट्रवादी चिंतक, प्रखर वक्ता, प्रख्यात कवि और लोकतांत्रिक मूल्यों के सजग प्रहरी थे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा, सुशासन, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक आदर्शों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा”।
“लोकतांत्रिक परंपराओं को बनाया सशक्त”
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “अटल जी ने राजनीति में उच्च आदर्शों और मूल्यों की स्थापना की। अटल जी ने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को सशक्त बनाया। इसके साथ ही उन्होंने भारत को विश्व पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी दूरदर्शी सोच, सरल और सहज व्यक्तित्व के साथ-साथ राष्ट्रहित के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।












