पीएम नरेंद्र मोदी से मिले सीएम चंद्रबाबू नायडू, भोगापुरम एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए दिया न्योता

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।

नई दिल्ली में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भोगापुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू और टीडीपी संसदीय दल के नेता लावू श्रीकृष्ण देवरायलु भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने पोस्ट की शेयर
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट शेयर करते हए कहा कि, “नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मुझे उन्हें आंध्र प्रदेश के भोगापुरम स्थित अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन के लिए आमंत्रित करने का अवसर मिला।”

हवाई सफर का सपना होगा पूरा
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी का हवाई यात्रा को आसान और सस्ता बनाने का विजन लाखों लोगों का हवाई सफर करने का सपना पूरा कर रहा है। भोगापुरम हवाई अड्डे के शुरू होने से उत्तर आंध्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। इससे कनेक्टिविटी, पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उनके नेतृत्व में भारत ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। आंध्र प्रदेश भी ‘स्वर्ण आंध्र प्रदेश’ बनाकर इस अभियान में अहम भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

वैश्विक स्तर पर मिलेगी कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री ने पहले भोगापुरम हवाई अड्डे के उद्घाटन को लेकर घोषणा की थी कि एक अगस्त को उद्घाटन होगा। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यात्री टर्मिनल भवन के उद्घाटन के साथ ही जीएमआर स्किल डेवलपमेंट सेंटर, एविएशन हब यूनिवर्सिटी और जीएमआर-मानसास एजुकेशन सिटी का भी उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने उत्तर आंध्र के लिए इस हवाई अड्डे को एक अहम परियोजना बताया। इस परियोजना से वैश्विक स्तर पर बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और आंध्र प्रदेश की आर्थिक प्रगति में बड़ी भूमिका निभाएगा।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़