दिल्ली में 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का आगाज हुआ। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसकी भव्य शुरुआत की। सीएम रेखा गुप्ता ने अन्य देशों से आए सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया। साथ ही , अधिकारियों और प्रतिनिधिमंडलों का भी स्वागत किया गया। सीएम ने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी।
चैंपियनशिप का भव्य आगाज
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रतियोगिता की आधिकारिक ट्रॉफी का भी अनावरण किया। साथ ही औपचारिक रूप से 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 की शुरुआत की घोषणा की। जिसके बाद खिलाड़ियों की ओर से खेल भावना, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और अनुशासन की शपथ ली गई। वहीं उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों और कलाकारों ने मन मोह लेने वाली भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।
‘दिल्ली के लिए गौरव का क्षण’
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने टेबल टेनिस रैकेट से ‘सेरेमोनियल फर्स्ट स्ट्रोक’ खेलकर प्रतियोगिता का औपचारिक आगाज किया। इस अवसर पर दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद भी मौजूद रहे। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला यह दिल्ली के लिए यह बेहद गौरव की बात है। खेल सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विभिन्न देशों, संस्कृतियों और समाजों को जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को अनुशासन, समर्पण और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित करते हैं।
खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रहा भारत
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। देश में विश्वस्तरीय खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास हो रहा है। खिलाड़ियों को विभिन्न योजनाओं से आधुनिक खेल सुविधाएं दी जा रही हैं। वहीं यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण है।












