झारखंड सरकार उठाएगी आंदोलनकारी छात्रों के इलाज का पूरा खर्च, कहा- छात्रों की मांगों और संघर्ष पर सरकार गंभीर

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आंदोलनकारी छात्रों के नाम एक भावुक अपील जारी की है।

झारखंड में अपनी मांगों को लेकर छात्र-छात्राओं का आंदोलन लगातार जारी है। इस आंदोलन के बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आंदोलनकारी छात्रों के नाम एक भावुक अपील जारी की है। इस अपील में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि “लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों और मांगों के लिए संघर्ष करना उनका अधिकार है, लेकिन अपनी जिंदगी और स्वास्थ्य को खतरे में डालना किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं है”।

उपचार से संबंधित खर्च उठाएगी सरकार
स्वास्थ्य मंत्री ने छात्रों से यह भी कहा कि अगर इस आंदोलन के दौरान किसी छात्र-छात्रा की तबीयत बिगड़ती है या अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता पड़ती है, तो राज्य सरकार बेहतर से बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि आंदोलनकारी छात्र-छात्रा को चिकित्सा सुविधा से वंचित न किया जाए। आंदोलनकारी छात्रों के इलाज के नाम पर किसी प्रकार की राशि नहीं ली जाएगी। उनके उपचार से संबंधित आवश्यक खर्च राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग द्वारा उठाया जाएगा।

लोकतांत्रिक प्रक्रिया से समाधान करने का प्रयास
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छात्रों की भावनाओं, उनकी मांगों और उनके संघर्ष को गंभीरता से समझ रही है। इसके समाधान के लिए सकारात्मक और सम्मानजनक निर्णय के लिए सरकार प्रयासरत है। उन्होंने छात्रों से संवाद और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से समाधान की दिशा में आगे बढ़ने का आग्रह किया।

आंदोलन स्थल पर मेडिकल टीमें तैनात
उन्होंने बताया कि आंदोलन स्थल पर भी स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीमों को तैनात रखा गया है। छात्रों को किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तुरंत इलाज उपलब्ध करवाया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने छात्रों से कहा कि वे अपनी जान को दांव पर न लगाएं और अपने स्वास्थ्य की अनदेखी न करें।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़