मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार का खेती-किसानी को लेकर विशेष फोकस है। राज्य सरकार अब सिर्फ उत्पादन बढ़ाने पर ही जोर नहीं दे रही है बल्कि किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर भी सरकार का फोकस है। इसी दिशा में दतिया में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में सीएम मोहन यादव ने शिरकत की।
गेहूं पर 2700 रुपये MSP का ऐलान
किसानों को संबोधित करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि इस साल मध्य प्रदेश में 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उत्पादन हुआ है। ऐसे में सीएम मोहन यादव ने आने वाले समय में गेहूं की खरीद 2700 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किए जाने की बात कही। सीएम ने धान की पैदावार में भी बढ़ोतरी का दावा किया गया।
बिजली और ब्याज को लेकर बदलाव
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि गेहूं और चने की खेती के लिए आने वाले समय में किसानों को हर समय बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी। सरकार रात के साथ दिन में भी बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। खाद-बीज के लिए लिए गए कृषि ऋण को अब जून-जुलाई में शून्य प्रतिशत ब्याज पर जमा करने की सुविधा की बात भी कही गई।
सीएम की किसानों से अपील
इसके साथ ही मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किसानों से खेती की जमीन नहीं बेचने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीक अपनाकर किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। आने वाले समय में खेती को लाभ का व्यवसाय बनाया जा सकता है।












