राजस्थान के जयपुर में ‘ब्रिक्स 2026 व्यापार मंत्रियों की बैठक’ आयोजित की गई है। भारत और दक्षिण अफ्रीका ने अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। इसकी जानकारी देते हुए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि दोनों देशों ने महत्वपूर्ण खनिजों, दवा उद्योग और विनिर्माण क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।
वार्ताओं को अंतिम रूप देने की जरूरत पर जोर
वहीं इस बैठक में दोनों देशों ने भारत-दक्षिणी अफ्रीकी सीमा शुल्क संघ के बीच प्रस्तावित प्रेफरेंशियल ट्रेड एग्रीमेंट (पीटीए) को आगे बढ़ाने पर भी बातचीत की। इस दौरान दोनों पक्षों ने इस समझौते से जुड़े टर्म्स ऑफ रेफरेंस पर हस्ताक्षर करने और वार्ताओं को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने की जरूरत पर जोर दिया।
पार्क्स टाउ से मिले मंत्री पीयूष गोयल
केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दक्षिण अफ्रीका के व्यापार, उद्योग और प्रतिस्पर्धा मंत्री पार्क्स टाउ से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापारिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। जिसके बाद केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “हमने भारत-एसएसीयू प्रेफरेंशियल ट्रेड एग्रीमेंट के लिए टर्म्स ऑफ रेफरेंस पर हस्ताक्षर, वार्ताओं को जल्द पूरा करने, भारत-दक्षिण अफ्रीका व्यापार संबंधों को मजबूत बनाने तथा महत्वपूर्ण खनिज, फार्मास्यूटिकल्स और विनिर्माण क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों पर चर्चा की।”
भारत इस समय स्वच्छ ऊर्जा तकनीकों, उन्नत विनिर्माण और रणनीतिक उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण खनिजों की सुरक्षित और मजबूत आपूर्ति शृंखला विकसित करने पर विशेष ध्यान दे रहा है। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका के साथ सहयोग बढ़ाने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।












