उत्तर प्रदेश की योगी सरकार राज्य के युवाओं के विकास की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं के नाम एक पोस्ट शेयर किया। जिसमें सीएम योगी ने युवाओं से कहा कि प्रदेश सरकार उन्हें आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर दे रही है। अब युवाओं को भी इन अवसरों का पूरा लाभ उठाने की जरूरत है। अपनी पोस्ट में सीएम योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को नियमित योग और व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने की भी सलाह दी है।
“हर घर तिरंगा” अभियान का जिक्र
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपनी पोस्ट में “हर घर तिरंगा” अभियान का भी जिक्र किया। इस अभियान के तहत पांच करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य हासिल करने पर सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के विकास पर जोर देते हुए कहा कि आज राज्य सरकार युवाओं के लिए कई अवसर उपलब्ध करा रही है। सीएम ने युवाओं से इन अवसरों का सही इस्तेमाल करने की अपील की।
युवाओं को सीएम का संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, “आत्मनिर्माण से राष्ट्रनिर्माण का दायित्व आपके कंधों पर है। युवा शक्ति उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से अपने व्यक्तिगत लक्ष्यों को राष्ट्रनिर्माण के बड़े उद्देश्य से जोड़ने की अपील की।












