ग्रेटर नोएडा में तीसरा इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो आयोजित होने वाला है। जिसका शुभारंभ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। यह सम्मेलन 11 से 13 अगस्त 2026 तक आयोजित होगा। योगी सरकार का उद्देश्य है कि उत्तर प्रदेश की स्वच्छ ऊर्जा और हरित विकास के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका को और मजबूत किया जा सके। इस अवसर पर योगी सरकार के ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा भी शिरकत करेंगे।
तीन दिन का होगा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन
बता दें कि इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी एवं एमएम एक्टिव साइ-टेक कम्युनिकेशंस की ओर से उत्तर प्रदेश न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी के सह आयोजन में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रदेश को बायोएनर्जी, स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकी, हरित उद्योगों और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करना है।
दिग्गजों को मिलेगा साझा मंच
यह आयोजन “कम-कार्बन विश्व के लिए उन्नत बायोएनर्जी समाधान” विषय पर आधारित होगा जिसे भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, विद्युत मंत्रालय तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग का इस आयोजन को सहयोग प्राप्त है। इसमें देश-विदेश के नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत, तकनीकी विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और निवेशकों को एक साझा मंच मिलेगा।
बायोएनर्जी क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा
उत्तर प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से उभर रहा है। जिसके लिए यह आईबीईटी एक्सपो 2026 सिर्फ एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि निवेश, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, उद्योग साझेदारी और नीतिगत विमर्श का राष्ट्रीय मंच बनने जा रहा है। योगी सरकार का मकसद है कि इस आयोजन से बायोएनर्जी क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देना, नवाचार को प्रोत्साहित करना है।
हरित अर्थव्यवस्था को नई गति
इस अवसर पर आईएफजीई के महानिदेशक संजय गजू ने जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सहभागिता उत्तर प्रदेश की बायोएनर्जी क्षेत्र के विकास के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हमें विश्वास है कि यह आयोजन भारत के बायोएनर्जी क्षेत्र का सबसे प्रभावशाली और निर्णायक मंच बनकर उभरेगा तथा देश की हरित अर्थव्यवस्था को नई गति देगा।












