उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली ज़िले में 346 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए। जिनकी लागत करीब 879 करोड़ रुपए है। इसके साथ ही बिना घर वाले परिवारों को रिहायशी पट्टे के आवंटन पत्र बांटे गए। इसके बाद सीएम योगी ने कार्यक्रम को भी संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
कांग्रेस पर तीखा प्रहार
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “भारत को कांग्रेस ने नहीं बनाया, लेकिन भारत के बंटवारे की साज़िश निश्चित रूप से कांग्रेस ने ही रची थी। भारत के नागरिकों के नरसंहार और लोकतंत्र को तोड़ने और उसका गला घोंटने के दोषी हैं। जब श्रद्धेय भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की सरकार ने पोर्ट ब्लेयर के हवाई अड्डे का नाम ‘स्वातंत्र्यवीर’ विनायक दामोदर सावरकर के नाम पर रखा तो कांग्रेस ने उसे हटा दिया गया। इन लोगों को ‘नेताजी’ सुभाष चंद्र बोस और लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल जी अस्वीकार्य लगते हैं”।
विपक्ष पर सवालों की बौछार
साथ ही सीएम योगी ने विपक्ष पर सवालों की बौछार कर दी। सीएम ने कहा कि “शहरी नक्सलियों के हाथों मौजूदा पीढ़ी का भविष्य क्यों बर्बाद करना चाहते हैं? आप भारत की विरासत को क्यों नष्ट करना चाहते हैं? आप भारत के भविष्य के साथ छेड़छाड़ क्यों करना चाहते हैं? इस देश को विपक्ष के एक ज़िम्मेदार नेता के तौर पर आपसे सकारात्मक भूमिका की उम्मीद थी”।
अजय राय को निशाने पर लिया
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को निशाने पर लेते हुए सीएम योगी ने कहा कि “कल हनुमानगढ़ी में दर्शन करने जाते हैं और बाहर आकर मछली की दावत उड़ाते हैं, फिर राम-राम चिल्लाते हैं। बेशर्मी की भी एक सीमा होती है, इनके सामने गिरगिट भी शरमा जाता है”।












