अकसर जब एक कर्मचारी नौकरी बदलता है तो पुराने एम्प्लॉइज प्रोविडेंट फंड यानि EPF अकाउंट की जानकारी न हो पाना एक समस्या बन जाती है। बहुत लोगों के सामने यह समस्या आती है लेकिन अब जल्द ही लोगों की इस समस्या पर ब्रेक लग सकता है। क्योंकि सरकार ने एक नया डिजिटल पोर्टल बनाया है। इस डिजिटल पोर्टल से EPF सदस्य अपने पुराने या फिर बंद पड़े PF अकाउंट का पता लगा सकते हैं। यह जानकारी जुटाने के लिए आधार-बेस्ड ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करना होगा। इससे उन्हें एक्सेस कर सकते हैं। साथ ही अपने एक्टिव यूनिवर्सल अकाउंट नंबर यानि UAN में ट्रांसफर भी कर सकते हैं।
EPFO पोर्टल से क्या मदद?
इसकी जानकारी लोकसभा में श्रम और रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने 27 जुलाई को दी थी। दरअसल वीके श्रीकंदन ने लोकसभा में यह सवाल सरकार से किया था जिसका जवाब देते हुए मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा कि EPFO ने पुराने प्रोविडेंट फंड (PF) खातों को वापस पाने की प्रक्रिया को आसान बनाने का काम किया है। जिसके लिए एक ई-पोर्टल बनाया गया है।
आपके लिए जरूरी जानकारी
मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पोर्टल सदस्यों को अपने निष्क्रिय खातों का पता लगाने में मदद करता है। ताकि अपने पुराने PF खातों को एक्सेस करके उन्हें अपने एक्टिव UAN में ट्रांसफर कर सकें। हालांकि सरकार ने यह भी साफ़ किया कि जिन्हें अपने पुराने आइडेंटिफिकेशन नंबर याद नहीं हैं या जो उन्हें एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं उनके लिए इस पोर्टल का दायरा बढ़ाने पर कोई विचार नहीं है।












