नीट पेपर लीक मुद्दे पर सदन में चर्चा को तैयार सरकार, किरेन रिजिजू ने कहा, सरकार सभी घटनाओं का ब्यौरा सदन में देगी

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने स्पष्ट कहा कि केंद्र सरकार नीट पेपर लीक और उससे जुड़े सभी मुद्दों पर संसद में विस्तृत चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।

नीट पेपर लीक मामले पर दिल्ली की सड़कों पर छात्र उतरे वहीं संसद सत्र में भी इस मुद्दे पर जमकर घमासान हुआ। विपक्ष ने सरकार से मुद्दे पर चर्चा की मांग की है। जिस पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने स्पष्ट कहा कि केंद्र सरकार नीट पेपर लीक और उससे जुड़े सभी मुद्दों पर संसद में विस्तृत चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।

किरेन रिजिजू की विपक्ष से अपील
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री ने विपक्ष से अपील की कि वे ऐसी शर्तें न लगाएं जिससे चर्चा ही शुरू न हो सके। उन्होंने कहा कि संसद का उद्देश्य बहस और संवाद है, इसलिए सभी दलों को नियमों के तहत सार्थक चर्चा में हिस्सा लेना चाहिए। किरेन रिजिजू ने कहा, “विपक्ष जो भी कहना चाहता है, वह चर्चा के दौरान पूरी तरह अपनी बात रख सकता है। अगर चर्चा लंबी चलेगी तो हर सांसद को अपनी बात रखने और अपने मुद्दे उठाने का अवसर मिलेगा। हम किसी को रोक नहीं सकते। लेकिन अगर ऐसी शर्तें रखी जाएं कि चर्चा ही न हो पाए, तो इसका मतलब है कि आप चर्चा नहीं चाहते।”

मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार सरकार
किरेन रिजिजू कहा कि सरकार कभी भी किसी मुद्दे से भागती नहीं है। हम किसी भी मुद्दे पर चर्चा से पीछे नहीं हट सकते। मैं विपक्षी दलों से आग्रह करता हूं कि ऐसा तरीका न अपनाएं जिससे बहस रुक जाए। चर्चा होनी चाहिए ताकि देश को पता चल सके कि सरकार ने अब तक क्या कदम उठाए हैं और भविष्य में युवाओं के हित में क्या किया जाएगा।

चर्चा से होगा समाधान?
उन्होंने विपक्ष से अपील करते हुए कहा, “बेहतर होगा कि सभी दल सकारात्मक सोच के साथ चर्चा शुरू करें। किस नियम के तहत बहस होगी, कितनी देर चलेगी और कब होगी, यह फैसला सदन की अध्यक्षता कर रहे पीठासीन अधिकारी के साथ मिलकर किया जा सकता है।” फिलहाल सरकार की ओर से साफ है कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़