दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए सिंगल विंडो सिस्टम के तहत मिलने वाली 84 सेवाओं के निपटारे की समय सीमा घटा दी है। इसके बाद अब पहले से कम समय में सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। इसके तहत कुछ सरकारी सेवाएं तो ऐसी हैं जो अब आवेदन के तुरंत बाद उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पर दिल्ली सरकार का दावा है कि इस फैसले से नागरिकों और कारोबारियों दोनों को तेज, पारदर्शी सेवाएं मिलेंगी।
95 प्रमुख सेवाओं की समीक्षा
बता दें कि सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने डिरेगुलेशन एक्सरसाइज फेज-2 के तहत 18 विभागों की 95 प्रमुख सेवाओं की समीक्षा की है। जिसमें आवेदन से लेकर अंतिम मंजूरी तक पूरी प्रक्रिया की समीक्षा की गई है। इस दौरान विभाग को जो भी अनावश्यक औपचारिकताएं मिलीं, वहां प्रक्रिया को आसान बनाया गया और समय सीमा कम करने का फैसला लिया गया।
सरकारी सेवाओं में प्रक्रिया आसान
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे लेकर कहा है कि कुछ सरकारी सेवाओं में प्रक्रिया इतनी आसान कर दी गई है कि आवेदन के बाद उन्हें तत्काल उपलब्ध कराया जा सकेगा। यह सुविधा किन सेवाओं में मिलेगी इसे लेकर अभी एक सूची तैयार की जा सकेगी।
डिजिटल तकनीक होगी सहायक
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य सरकारी सेवाओं को तेज, पारदर्शी बनाना है। ताकि लोगों को समय से सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सके। इसमें डिजिटल तकनीक भी सहायक सिद्ध होगी।












