राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो फेज-2 का विधिवत भूमि पूजन किया। सीएम भजन लाल ने पाइलिंग रिंग मशीन का पूजन कर पाइलिंग कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 41 किमी लम्बे मेट्रो फेज-2 के मॉडल का भी अवलोकन किया।
सीएम ने किया यात्रियों से संवाद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने मानसरोवर से छोटी चैपड़ तक मेट्रो में सफर किया। सीएम ने यात्रियों से बातचीत की और मेट्रो यात्रा को लेकर उनके अनुभव भी जाने। इस दौरान यात्रियों ने सीएम भजन लाल शर्मा को बताया की वो इसके बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब इस मेट्रो लाइन से जयपुर के लोगों को सुविधा मिलेगी।
आर्ट गैलेरी का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा इसके बाद इलेक्ट्रिक बस में बैठकर मेट्रो डिपो साइट से मानसरोवर मेट्रो स्टेशन पहुंचे। यहां सीएम ने विण्डो से टिकट लिया और छोटी चैपड़ तक मेट्रो में सफर किया। जहां मुख्यमंत्री ने आर्ट गैलेरी का अवलोकन किया।
जयपुर की लाइफलाइन बनेगी मेट्रो
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने इस दौरान कहा कि जयपुर में मेट्रो विस्तार बेहद जरूरी था, इसलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने जयपुर की जनता को फेज-2 की सौगात दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस कार्य का शिलान्यास करते हैं, उसका उद्घाटन भी करते हैं। वर्चुअल शिलान्यास के बाद 18 दिनों में ही सिविल कार्य की शुरूआत हो गई है। जल्द ही शहरवासियों को यात्रा के लिए बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। यह मेट्रो जयपुर की लाइफलाइन भी बनेगी। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुरूप फेज-3 और फेज-4 का काम भी शुरू किया जाएगा।












