राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बड़ी पहल की है। जयपुर स्थित हरिश्चन्द्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में सीएम भजनलाल शर्मा ने शिरकत की। राजस्थान में ‘भारत टैक्सी’ सेवा का शुभारंभ किया।
भारत टैक्सी सहकारिता मंत्रालय की नई पहल
इस अवसर पर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, भारत टैक्सी सहकारिता मंत्रालय की उन नई पहलों में से एक है, जिन्होंने पिछले पांच सालों में सहकारिता के स्वरूप और उसकी पहुंच को व्यापक बनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में सहकारिता अब डिजिटल सेवाओं और परिवहन जैसे क्षेत्रों तक भी विस्तारित हुई है।
स्थानीय आर्थिक अवसर पैदा हो रहे
इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारत टैक्सी एक ऐसे पहल है जो राज्य में ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को आगे बढ़ाने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से रोजगार और स्थानीय आर्थिक अवसर सृजित हो रहे हैं। जिससे युवाओं को अपने गांव, शहर और परिवार के पास ही आजीविका उपलब्ध कराई जा सकती है।
आर्थिक प्रगति की पहली सीढ़ी बनेगी
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारत टैक्सी में सारथी सिर्फ चालक नहीं, बल्कि संस्था का सह-स्वामी है। उन्होंने कहा कि जब किसी व्यक्ति को अपने काम में हिस्सेदारी मिलती है तो उसकी कार्यक्षमता, मेहनत और आगे बढ़ने की प्रेरणा कई गुना बढ़ जाती है। छोटा उद्यम या स्व-रोजगार किसी युवा के लिए बड़ी आर्थिक प्रगति की पहली सीढ़ी बन सकता है। राजस्थान मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत टैक्सी का मॉडल आम नागरिक को सिर्फ रोजगार नहीं देता, बल्कि स्वामित्व और सम्मान भी प्रदान करता है। इसमें होने वाली कमाई का बड़ा हिस्सा सारथियों के पास रहेगा और संस्था की प्रगति में उनकी सीधी हिस्सेदारी होगी।
5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर
मुख्यमंत्री ने बताया है कि इस पहल के साथ 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर भी दिया गया है। जिससे सारथियों की मेहनत का सम्मान, उनके अधिकारों की सुरक्षा और भविष्य की संरक्षा सुनिश्चित होगी। भारत टैक्सी सिर्फ एक डिजिटल प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि टैक्सी चालकों के स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तीकरण का प्रतीक है।












